लघुकथा 'रस परिवर्तन' बयां करती है सास के जज्बात, 'कोशिश' ने बताएं लड़कियों के विचार और 'ख्वाहिशें' से जानें कामकाजी महिला के दिल की बात
लघुकथा...रस परिवर्तन लेखक : चरनजीत सिंह कुकरेजा बहू, आजकल तेल बहुत डालने लगी हो तुम सब्ज़ी में...चपातियां भी घी से तर हैं... तुम्हें कितनी बार कहा है ख़्याल रखा करो हम दोनों की सेहत का। डायनिंग टेबल पर भोजन ग्रहण करते हुए रजनी की मां में सास की आत्मा ने आज फिर प्रवेश कर लिया था। ‘लगता है आज रसोई में ध्यान नहीं था तुम्हारा।’ पहला निवाला मुंह में रखते हुए उनका कोसना बदस्तूर जारी था। ‘लो देखो नमक भी ज़्यादा है आज सब्ज़ी में... सुबह की चाय भी इतनी मीठी जैसे डब्बा उड़ेल दिया हो चीनी का। हमें क्या जल्दी विदा करने का इरादा है...?’ ‘क्यों जी... तुम भी तो कुछ बोलो... हमेशा मैं ही बुरी बनती हूं।’ पत्नी के उलाहने पर भी मैं चुप्पी साधे हुए भोजन का स्वाद लेने में मशगूल रहा, क्योंकि मेरा मानना है कि भोजन को हमेशा ईश्वर का प्रसाद समझते हुए उसका शुक्रिया अदा करके बड़े सुकून के साथ ग्रहण करना चाहिए। हम ख़ुशनसीब हैं जो हमें घर बैठे नित विभिन्न स्वाद चखने को मिलते हैं, वरना तो दुनिया में ऐसे कई लोग हैं जिन्हें दो निवालों के लिए भी कड़ी मशक़्क़त करनी पड़ती है। और कई को रात फाकों में ही गुज़ारनी पड़ती है। और फि...