भारत की पहली वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर हैं चेन्नई की राधिका रामासामी, टॉप बर्ड फोटोग्राफर के रूप में रखती हैं अपनी खास पहचान
साउथ इंडिया में थेनी के पास वेंकटचलपुरम में राधिका का जन्म हुआ। वे शादी के बाद दिल्ली आ गईं। एक शौक के तौर पर राधिका ने ट्रैवल फोटोग्राफी करना शुरू किया। उसके बाद उन्होंने 2004 में वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी की ओर रुख किया। वे एक कंप्यूटर इंजीनियर हैं। यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज साइट भरतपुर बर्ड सेंचुरी में वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी से उन्होंने अपने करिअर की शुरुआत की। राधिका के अनुसार ''एक महिला होने के नाते इस काम को करना मेरे लिए आसान नहीं था। लेकिन मैंने ये ठान लिया था कि हर हाल में मुझे वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर बनना है। इसलिए मैं अपने फैसले पर अडिग रही''। उनका सबसे ज्यादा रुझान बर्ड फोटोग्राफी की तरह रहा है। राधिका को फोटोग्राफी का शौक 11वीं कक्षा में पढ़ने के दौरान हुआ था। बाद में जब उनके अंकल ने कैमरा गिफ्ट दिया तो शौक जुनून में बदल गया। जंगल की दुनिया ने उन्हें पिछले 25 वर्षों से बांध रखा है। पिछले एक दशक से राधिका उत्तर भारत और अफ्रीका के कई नेशनल पार्क और सेंचुरीज में घुम चुकी हैं। उनकी फोटोग्राफी का मकसद लोगों को भारत के प्राकृतिक स्रोतों से परिचित कराना है। ...